लापरवाही पर दो ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट के निर्देश

 


जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। पंचायती राज विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम ने सोमवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) स्टेट कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जोगाराम ने हेल्पलाइन पर दर्ज 24 शिकायतों में से 11 परिवादियों से सीधे बात की। इनमें से 2 मामलों में परिवादियों ने संतुष्टि जताई, जबकि शेष शिकायतों को पुनः खोलने (रिओपन) के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

सीकर जिले की फतेहपुर पंचायत समिति के नबीपुरा गांव में साफ-सफाई संबंधी शिकायत पर संतोषजनक कार्य नहीं मिलने पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को 17 सीसीए के तहत चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसी तरह टोंक जिले की उनियारा पंचायत समिति के सेदरी गुजरान मोहम्मदपुरा गांव में एक वर्ष से मकान का पट्टा जारी नहीं होने के मामले में भी संबंधित ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ 17 सीसीए की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संपर्क पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में विभाग से जुड़े 2,93,802 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 2,80,996 का निस्तारण किया जा चुका है, जो 95.64 प्रतिशत है।

शासन सचिव ने कंट्रोल रूम में कार्यरत अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित और गंभीर (क्रिटिकल) शिकायतों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाए, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार सभी विभागों के शासन सचिव निर्धारित तिथियों पर हेल्पलाइन कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद कर रहे हैं, जिससे शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर विभाग के राज्य नोडल अधिकारी रामचंद्र सैनी एवं सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित