उत्तर पश्चिम रेलवे चाय के ज्यादा दाम वसूलने पर दुकान पर लगा ताला, ढाई हजार रुपए जुर्माना

 


जोधपुर, 16 सितम्बर (हि.स.)। यात्रियों से खानपान सामग्री के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सख्ती शुरू कर दी है। स्टेशनों और ट्रेनों में ओवर चार्जिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खानपान विक्रेताओं की निगरानी और जांच बढ़ाई जा रही है।

इसी कड़ी में मोदरान रेलवे स्टेशन पर चाय के लिए निर्धारित दर 5 रुपए से दुगुनी राशि वसूलने की शिकायत सामने आने पर संबंधित खानपान विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर रेलवे ने विक्रेता से पच्चीस सौ रुपए का जुर्माना वसूल करने के साथ ही स्टॉल तीन दिन के लिए निलंबित की गई है। सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना गंभीर अनियमितता है।

जोधपुर मंडल में खानपान स्टॉल और ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है। ओवर चार्जिंग की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगे जाने पर तत्काल रेलवे के अधिकृत शिकायत माध्यमों पर सूचना दें। इससे शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया कि ओवर चार्जिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश