सात ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट, चार को नोटिस जारी
बावड़ी पंचायत में स्वच्छता अभियान में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई
जोधपुर, 09 अपै्रल (हि.स.)। जिले के बावड़ी पंचायत समिति में स्वच्छता अभियान की असंतोषजनक स्थिति पर कार्रवाई की गई है। विकास अधिकारी संपत गोदारा के निर्देश पर हुए औचक निरीक्षण में साफ-सफाई में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इस पर सात ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी की गई है और चार अन्य को कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं।
निरीक्षण में कई अहम स्थानों पर साफ-सफाई की कमी और संवेदकों को भुगतान नहीं होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन अनियमितताओं के कारण ग्राम पंचायत गंगानी, बावड़ी, नेतड़ा, लवेरा कला, मेलाना, सोयला और भवाद के ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी की गई।
यह कार्रवाई राजस्थान पंचायती राज नियम 300 में सपठित राजस्थान सिविल सेवा नियम 158 के नियम 17 के तहत की गई है। विकास अधिकारी संपत गोदारा ने सभी ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम पंचायतों में शासन के नियमों और आदेशों के अनुसार नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने संवेदकों को नियमानुसार समय पर भुगतान करने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश