गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर कार्यक्रम में सीयूराज के छात्र का चयन

 


अजमेर, 12 जून(हि.स.)। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के अंतर्गत संचालित डेटा साइंस एंड एनालिटिक्स विभाग के एम.एससी. कंप्यूटर साइंस (बिग डेटा एनालिटिक्स) सत्र 2025-27 के छात्र विनीत यादव का चयन प्रतिष्ठित गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर प्रोग्राम (2026 कोहोर्ट) के लिए हुआ है। चयन के उपरांत विनीत यादव को गूगल स्टूडेंट एंबेसडर प्रोग्राम के लिए आधिकारिक ऑनबोर्डिंग अनुबंध एवं एम्बेसडर आईडी (जीआईडी-6834) प्राप्त हुई है। इस दायित्व के अंतर्गत वे विश्वविद्यालय परिसर में गूगल जेमिनी एआई सहित नवीनतम तकनीकों के प्रचार-प्रसार, छात्र-नेतृत्व वाली एआई समुदायों के निर्माण तथा तकनीकी नवाचार एवं जागरुकता को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।

गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर कार्यक्रम के चयन की प्रक्रिया में नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, नवाचार एवं व्यावहारिक क्रियान्वयन को प्रमुखता दी गई। प्रथम चरण में आयोजित ऑनलाइन परिस्थितिजन्य परीक्षण में प्रतिभागियों की रणनीतिक सोच और संचार कौशल का मूल्यांकन किया गया। वहीं द्वितीय चरण में वीडियो साक्षात्कार के माध्यम से उम्मीदवारों की प्रस्तुति क्षमता, रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान कौशल तथा तकनीकी जागरुकता तथा परिसर संबंधी अनुभव साझा करना, मात्र सात दिनों में बिना किसी बजट के जैमिनी एआई के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए रचनात्मक अभियान की रूपरेखा तैयार करना शामिल था।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो आनंद भालेराव ने बताया कि गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर कार्यक्रम में विनीत यादव का चयन विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का सशक्त प्रमाण है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि विश्वविद्यालय के छात्र वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।

विनीत यादव ने कहा कि डेटा साइंस एवं बिग डेटा एनालिटिक्स के अध्ययन ने उनकी विश्लेषणात्मक सोच और समस्या-समाधान क्षमता को विकसित किया है, जिससे उन्हें इस अवसर को प्राप्त करने में सहायता मिली। उन्होंने विभाग के सभी संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें इस उपलब्धि तक पहुँचने का आत्मविश्वास प्रदान किया। डेटा साइंस एंड एनालिटिक्स विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. निष्ठा केसवानी ने विनीत यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष