2014 से पहले लोगों के मन में था अविश्वास का माहौल: शेखावत

 


केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर साधा निशाना

जोधपुर, 06 जून (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, जिसकी आवश्यकता आजादी के बाद थी। उन्होंने कहा कि 12 साल के कालखंड में देश अविश्वास के माहौल से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे लगा है।

शनिवार को एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में लोकतंत्र और व्यवस्था के प्रति लोगों के मन में अविश्वास का माहौल पैदा हो गया था, क्योंकि निरंतर भ्रष्टाचार और बड़े-बड़े घोटाले हो रहे थे।

कूटनीतिक विफलताओं ने हालात और खराब कर दिए थे, जिससे देश लगातार आर्थिक मोर्चे पर विफल हो रहा था। आलम यह था कि देश गिरती अर्थव्यवस्था वाले देशों की श्रेणी में शुमार हो गया था। शेखावत ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद वहां से निकलकर हम आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। करीब 140 करोड़ लोगों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में समग्र विकास को लेकर प्रयास किए गए हैं, जिसके अंतर्गत कई क्रांतिकारी योजनाओं को धरातल पर उतरा गया, जिससे सामान्य मानवीय के जीवन में परिवर्तन आया।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को फ्यूचर रेडी बनाया गया। राष्ट्रहित के साथ कोई समझौता ना हो, इस दृष्टिकोण से काम किया गया। देश को आर्थिक मजबूती के लिए कड़े और बड़े फैसले लिए गए। शेखावत ने कहा कि जब पूरी दुनिया भू-राजनीतिक उथल-पुथल के ताप से ग्रसित है, हाल ही में जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार ऐसे समय में भी भारत की तीसरी तिमाही की आर्थिक विकास की दर 7.8 प्रतिशत आंकी गई है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने प्रभावी और राजस्थान की तस्वीर को बदलने वाला काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में परिस्थितियां अच्छी नहीं थीं। कुर्सी की रस्साकसी का खेल चल रहा था। सरकार कभी होटलों में दिखाई देती थी। कभी जैसलमेर के गढ़ किलों में दिखाई देती थी। वहां से निकलकर एक स्थाई और सशक्त शासन की छवि भजनलाल शर्मा ने स्थापित की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश