जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा
मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न
जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। जिले में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया गया है। यहां मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न हो गया है।
प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 मई से 14 जून तक निर्धारित किया गया था। जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों एवं आमजन के सहयोग से जोधपुर जिले में यह कार्य निर्धारित अवधि से एक दिन पूर्व ही 13 जून को शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के कुल 20 चार्ज क्षेत्रों, जिनमें 14 तहसील एवं 6 नगरपालिका क्षेत्र शामिल हैं, के अंतर्गत 4005 मकान सूचीकरण ब्लॉकों में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के माध्यम से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपादित किया गया। जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने बताया कि जनगणना कार्य के प्रथम तीन दिनों में प्रगणकों द्वारा अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर नजऱी नक्शे तैयार किए गए। इसके उपरांत प्रगणकों ने अपने मोबाइल फोन में एचएलओ ऐप डाउनलोड कर उसके माध्यम से घर-घर जाकर सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी एकत्रित करने का कार्य प्रारम्भ किया।
इस दौरान 34 बिंदुओं से संबंधित जानकारी संकलित की गई। उन्होंने बताया कि फील्ड कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला एवं चार्ज स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए थे। साथ ही समाचार-पत्रों एवं अन्य माध्यमों से समय-समय पर आमजन से जनगणना कार्य में सहयोग की अपील की गई, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप यह कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण किया जा सका।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश