भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर जयपुर में जश्न, मुख्यमंत्री आवास और प्रदेश कार्यालय में झालमुड़ी के साथ मनाई खुशी
जयपुर, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को जयपुर में मुख्यमंत्री निवास और भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने झालमुड़ी का स्वाद चखकर जीत का जश्न मनाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि देश की जनता ने भारी जनादेश देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने इसे विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीतियों की जीत बताते हुए प्रधानमंत्री, भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व तथा समस्त कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से भ्रष्टाचार, लूट और तुष्टीकरण की राजनीति से त्रस्त थी और अब भाजपा की डबल इंजन सरकार वहां सड़कों, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री ने असम और पुडुचेरी में मिली जीत को भी जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
चुनाव परिणाम आने के बाद सोमवार दोपहर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अशोक परनामी, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, कन्हैयालाल चौधरी, गौतम दक, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित अनेक नेता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और उन्हें बधाई दी। इस दौरान विधायक कालीचरण सर्राफ, मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के साथ झालमुड़ी खाकर जीत की खुशी साझा की। शाम को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन ऑनलाइन सुना। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि वर्षों से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व देश को नई दिशा दे रहा है और उसी के अनुरूप राजस्थान भी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में भी भाजपा बड़े बहुमत के साथ सरकार दोहराएगी।
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत से देशभर में राष्ट्रभक्त नागरिकों में खुशी का माहौल है और अब राज्य सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने स्वयं झालमुड़ी तैयार कर कार्यकर्ताओं को खिलाई। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों और संगठन की ताकत का परिणाम है तथा आने वाले पंचायत और निकाय चुनावों में भी पार्टी इसी तरह सफलता हासिल करेगी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर