बड़ी सातम मनाई, सेवा शिविर लगाया
जोधपुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। सिंधी समाज द्वारा बड़ी सातम (वदी सताही) गुरुवार को मनाई गई। सातम की पूर्व संध्या पर घरों में प्रसादी बनाई गई जिसे आज माता शीतला देवी को भोग लगाकर सेवन किया गया। क्षेत्र के झूलेलाल मन्दिरों में ब्राह्मणों से आशीर्वाद लिया गया। परिवार में सुख, शांति, शीतलता एवं कुशलता की कामना की गई। समाजसेवियों की ओर से जरूरतमंद परिवारों के लिए विशेष सेवा कार्य किया गया।
संत नामदेव ट्रस्ट के महेश खेतानी ने बताया कि बड़ी सातम से तीन दिन पूर्व ही सेवा शिविर की शुरुआत कर दी गई थी। इस दौरान शहर की विभिन्न सिंधी पंचायतों के सहयोग से करीब 200 जरूरतमंद सिंधी परिवारों को सिंधी मिठाइयों एवं पारंपरिक व्यंजनों के किट वितरित किए गए।
प्रभारी भरत आवतानी ने बताया कि पीतांबर होतचंदानी, हीरु, किशोर कलवानी की ओर से सेवा में सहयोग दिया। पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारी लक्ष्मण खेतानी, प्रभु ठारवानी, महिला मंडल की पूनम मोतियानी सहित पंचायत के सदस्य एवं समाजसेवको का आभार प्रकट किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश