सीसीटीवी कैमरों की मदद से 30 मिनट में खोज निकाला सोने के आभूषणों से भरा बैग
जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की तत्परता और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी नेटवर्क की मदद से जोधपुर कमिश्नरेट की पुलिस ने टैक्सी में भूला सोने के आभूषणों एवं अन्य सामान से भरा बैग महज 30 मिनट में तलाश कर उसके मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देशानुसार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी. के पर्यवेक्षण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रेम धणदे के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस उपायुक्त मांगीलाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
यह है पूरा मामला
बीकानेर निवासी कैलाश कुमार अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन पर जोधपुर आए थे। शुक्रवार सुबह रेलवे स्टेशन से टैक्सी किराए पर लेकर बनाड़ जाते समय उनका बैग टैक्सी में ही छूट गया। बैग में करीब तीन तोले सोने का मंगलसूत्र, कानों के झुमके, महिलाओं के कपड़े सहित अन्य सामान था। सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई गई। सूचना मिलते ही निरीक्षक सत्यप्रकाश की मॉनिटरिंग में पारी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह तथा कांस्टेबल लाखाराम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। रेलवे स्टेशन, नई सडक़, पावटा सहित संबंधित मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर टैक्सी का रूट ट्रेस कर उसका नंबर चिन्हित किया गया। इसके बाद टैक्सी के पंजीयन संबंधी विवरण प्राप्त कर चालक से संपर्क किया गया। चालक ने बैग टैक्सी में ही होना बताया। उसे तत्काल अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बुलाया गया। यहां परिवादी से बैग की पहचान एवं सत्यापन करवाने के बाद पूरा सामान सुरक्षित उसके सुपुर्द कर दिया गया। बैग वापस मिलने पर परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जोधपुर आई बहन के सुहाग का प्रतीक मंगलसूत्र और अन्य आभूषण सुरक्षित वापस मिल गए। परिवादी ने जोधपुर पुलिस और अभय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश