आईपीएस अधिकारी पंकज चौधरी के पुत्र पद्मनाभ का सीबीएसई वेस्ट जोन क्रिकेट टीम में चयन
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर के प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी पद्मनाभ चौधरी का ऑल इंडिया सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए वेस्ट जोन की अंडर-17 टीम में चयन हुआ है। सितंबर में आयोजित प्रारंभिक ट्रायल शिविर और 5, 6 व 7 अक्टूबर को खेले गए मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 18 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।
राजस्थान कैडर के आईपीएस अधिकारी पंकज चौधरी के पुत्र और सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र पद्मनाभ दाएं हाथ के बल्लेबाज, ऑफ स्पिनर और बेहतरीन क्षेत्ररक्षक हैं। चयन मुकाबलों में उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ कप्तानी में भी अच्छा प्रदर्शन किया। वह पिछले वर्ष भी सीबीएसई की वेस्ट जोन टीम के सदस्य रह चुके हैं।
वेस्ट जोन की टीम 24 से 30 अक्टूबर 2026 तक मदुरई (तमिलनाडु) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता में नॉर्थ, वेस्ट, ईस्ट और साउथ जोन की टीमों के साथ ओमान, कतर, दुबई, बहरीन और सऊदी अरब की पांच अंतरराष्ट्रीय सीबीएसई टीमें भी भाग लेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश