रेल दावा अधिकरण की लोक अदालत में 28 प्रकरणों का मौके पर निपटारा
काेटा, 29 नवंबर (हि.स.)। रेल दुर्घटनाओं से संबंधित दावा प्रकरणों के त्वरित निपटारे के लिए रेल दावा अधिकरण की भोपाल पीठ में लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में 28 दावा प्रकरणों का मौके पर निपटारा करते हुए 81 से अधिक लाभार्थियों को दो करोड़ रुपये से अधिक की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई।
लोक अदालत का आयोजन रेल दावा अधिकरण के तकनीकी सदस्य सैयद निशात अली एवं न्यायिक सदस्य राजीव जैन की उपस्थिति में किया गया। इस आयोजन से लाभार्थियों को दावा प्रकरणों के त्वरित निपटारे के साथ आर्थिक राहत मिली। इस अवसर पर अपर पंजीयक संजय कुमार गुप्ता, सहायक पंजीयक एम.एस. यादव, प्रस्तुति अधिकारी प्रियंका दीक्षित तथा रेल दावा अधिकरण बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर भटनागर सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। उपस्थित लाभार्थियों एवं अधिवक्ताओं ने दावा प्रकरणों के त्वरित निपटारे के लिए आयोजित लोक अदालत की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव