सरकारी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत, 59 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षक पर पोक्सो में मामला दर्ज
जयपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। झुंझुनू जिले के बुहाना उपखंड के पथाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक 59 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षक पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। मामला उजागर होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के ताला जड़ दिया। वहीं, पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पोक्सो सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
पचेरी कलां थाने में दर्ज मामले के अनुसार छात्रा के पिता ने बताया कि 20 जुलाई को उसकी नाबालिग बेटी स्कूल गई थी। आरोप है कि विद्यालय में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक राजवीर ने कक्षा के अन्य छात्रों को बाहर भेज दिया और दरवाजा बंद कर छात्रा के साथ गलत नीयत से अश्लील हरकतें की व छेड़छाड़ की। छात्रा ने जैसे-तैसे खुद को बचाया और वहां से भागकर घर पहुंची। घटना के बाद आरोपित शिक्षक ने छात्रा को डराया-धमकाया कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह फांसी लगा लेगा और छात्रा व उसके परिवार को जेल भिजवा देगा। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपित पक्ष की ओर से राजीनामा करने का भारी दबाव बनाया जा रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के संबंध में स्कूल प्रिंसिपल और स्टाफ को सूचित करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के ताला जड़ दिया और पचेरी कलां पुलिस थाने पहुंचकर आरोपित शिक्षक राजवीर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग तुरंत हरकत में आया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के निर्देशों पर दो महिला प्रिंसिपलों समेत तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया। शनिवार को कमेटी जांच के लिए पथाना स्कूल पहुंची। ग्रामीणों के भारी विरोध और आक्रोश को देखते हुए सीडीईओ अशोक शर्मा ने आरोपित वरिष्ठ अध्यापक राजवीर को तुरंत प्रभाव से विद्यालय से कार्यमुक्त कर उसका मुख्यालय सीडीईओ कार्यालय झुंझुनूं कर दिया है। स्कूल के प्रिंसिपल सुभाष ने बताया कि घटना वाले दिन के अगले दिन यानी 21 जुलाई से ही आरोपित शिक्षक स्कूल नहीं आ रहा है। उसने व्हाट्सएप पर बीमार होने का हवाला देते हुए अवकाश की एप्लीकेशन भेजी है। जिस पर विभागीय नियमों के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपित शिक्षक का अगले वर्ष जुलाई में रिटायरमेंट होना है। पचेरी कलां थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित शिक्षक की तलाश की जा रही है। जो चार दिन से ना स्कूल आ रहा है और ना ही कहीं सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित