युवाओं के लिए नई दिशा का प्रभावी माध्यम बनेगी करियर काउंसलिंग वैन

 


बीकानेर, 29 जून (हि.स.)। निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन सोमवार को जूनागढ़ के पीछे स्थित वेबसॉल इंस्टीट्यूट, बीकानेर पहुँची। वैन को देखने एवं उससे जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में युवा उत्साहपूर्वक पहुँचे। युवाओं ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर संभाग के संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने करियर काउंसलिंग वैन का अवलोकन किया तथा इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने में यह करियर काउंसलिंग वैन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में करियर काउंसलिंग युवाओं को भ्रम और भटकाव से बचाकर उनकी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अपने संबोधन में मीणा ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने से ही सफलता प्राप्त होती है।” उन्होंने युवाओं को समय का सदुपयोग करने, अपने कौशल का निरंतर विकास करने तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ लेने का आह्वान किया।

नेशनल करियर काउंसलर एवं करियर काउंसलिंग वैन परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने करियर काउंसलिंग वैन परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को निःशुल्क करियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की सही जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह वैन बीकानेर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक पहुँचकर हजारों विद्यार्थियों को लाभान्वित करेगी।

वेबसॉल इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. अमित व्यास ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा कहा कि युवाओं के भविष्य निर्माण के लिए इस प्रकार की पहल समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर करियर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं वर्तमान समय में उपलब्ध नए करियर विकल्पों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव