बीकानेर में ‘कैरियर कनेक्ट-2026’ रोज़गार मेला 5 अक्टूबर को
बीकानेर, 30 सितंबर (हि.स.)। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने, उनकी प्रतिभा को उपयुक्त मंच प्रदान करने तथा शिक्षा और रोजगार के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बेसिक पी.जी. महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा आगामी 5 अक्टूबर, 2026, सोमवार को ‘करियर कनेक्ट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगारोन्मुखी आयोजन में 20 से अधिक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय कम्पनियों एवं बैंकिंग संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों, करियर संभावनाओं तथा व्यावसायिक विकास के नए आयामों से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई द्वारा ‘करियर कनेक्ट-2026’ के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित, महाविद्यालय प्रबन्ध समिति के सचिव डॉ. अमित व्यास उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने बताया कि युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित दिशा एवं मंच उपलब्ध करवाना शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘करियर कनेक्ट-2026’ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय कम्पनियों एवं बैंकिंग संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद करने तथा विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस प्रकार के आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी क्षमताओं को विकसित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि ‘करियर कनेक्ट-2026’ की विशेषता है कि इसमें 20 से अधिक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय कम्पनियों एवं बैंकिंग संस्थाओं की सहभागिता होगी। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े इन संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों एवं करियर विकल्पों से परिचित करवाएगी। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को कम्पनियों एवं संस्थानों की कार्यप्रणाली, रोजगार की आवश्यकताओं, चयन प्रक्रिया तथा व्यावसायिक क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और योग्यता प्रस्तुत करने तथा भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं को समझने के लिए एक उपयोगी मंच प्रदान करेगा। महाविद्यालय द्वारा इस आयोजन को विद्यार्थियों, युवाओं एवं रोजगार के अवसर तलाश रहे अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में तैयारियाँ की जा रही हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से ‘करियर कनेक्ट-2026’ में अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान किया है। महाविद्यालय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से परिचित करवाने, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव