शादी से लौट रहे पांच दोस्तों की कार डंपर से भिड़ी, तीन की मौत
कोटपूतली-बहरोड़, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बहरोड़ क्षेत्र में दहमी पुलिया के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। पांचों युवक शादी समारोह में शामिल होकर कार से गांव लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसे में देवेंद्र कुमार (24), हेमंत कुमार (25) और हरीश कुमार (27) की मौत हो गई। वहीं हर्ष कुमार और साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
सब इंस्पेक्टर सुबे सिंह ने बताया कि डंपर और कार की टक्कर के बाद कार में सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए पार्क अस्पताल, बहरोड़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने देवेंद्र कुमार और हेमंत कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में हरीश कुमार को अलवर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। घायल हर्ष कुमार को निम्स अस्पताल और साहिल कुमार को सतीश अस्पताल, नीमराना में भर्ती कराया गया है।
मृतक देवेंद्र के भाई सचिन के अनुसार, देवेंद्र कुमार, हेमंत कुमार, हरीश कुमार, हर्ष कुमार और साहिल कुमार भगवाड़ी से चाचा के बेटों अजय और संजय प्रजापत की शादी में शामिल होकर गांव लौट रहे थे। कार हरीश कुमार चला रहा था।
परिजनों के मुताबिक दहमी पुलिया से नीचे उतरते समय आगे चल रहे डंपर के चालक ने कथित तौर पर बिना ब्रेक लाइट या संकेतक का संकेत दिए अचानक सड़क के बीच में डंपर रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। शादी समारोह की खुशियां एक ही रात में मातम में बदल गईं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित