जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में घुसी कार, एसआई की मौत-तीन पुलिसकर्मी घायल

 




दौसा, 04 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस उप निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि दो कॉन्स्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा सुबह आंधी थाना क्षेत्र के नांगल बेला गांव के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार करौली जिले के सपोटरा थाने में तैनात एसआई हनुमान मीणा (55) अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि एसआई हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कॉन्स्टेबल कजोड़ जाट, रामराज बैरवा और रामनरेश मीणा घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल दौसा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कार चालक को इस हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घायल रामनरेश मीणा ने बताया कि वे सभी एक मामले के सिलसिले में मेरठ गए थे और दिल्ली के रास्ते वापस लौट रहे थे। रात करीब दो बजे उन्होंने रास्ते में भोजन किया, जिसके बाद कार में बैठे तीनों पुलिसकर्मी सो गए थे। एसआई हनुमान मीणा आगे ड्राइवर के पास बैठे थे।

आंधी थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।

आशंका है कि सुबह के समय ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि यह भी संभावना जताई जा रही है कि ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से टक्कर हुई हो।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित