एसआई भर्ती रद्द होना युवाओं के संघर्ष की जीत : हनुमान बेनीवाल
जयपुर, 09 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को जयपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए पेपर लीक, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और अस्पतालों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार का तंत्र जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है और मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर ही नियंत्रण नहीं है।
बेनीवाल ने एसआई भर्ती-2021 रद्द कर नई भर्ती निकालने के फैसले को अपने आंदोलन की बड़ी जीत बताते हुए पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में कई नेताओं की पेपर लीक प्रकरण में संलिप्तता रही और अब भी असली दोषियों को बचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में भाजपा नेताओं के फोन टैप कराने और छापे मारने वाले अधिकारियों को वर्तमान भाजपा सरकार ने ही प्रमुख पदों पर बैठा रखा है, जिससे भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच अंदरूनी गठजोड़ साफ नजर आता है। जल जीवन मिशन घोटाले का जिक्र करते हुए बेनीवाल ने कहा कि पूर्व जलदाय मंत्री की गिरफ्तारी के बाद भी कई अधिकारी, नेता और ठेकेदार अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।
सनातन और हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा केवल सनातन संरक्षण का ढोंग कर रही है। जयपुर जिले के भैराणा धाम में संतों के आंदोलन की अनदेखी इसका उदाहरण है। उन्होंने भरतपुर में पहाड़ बचाने को लेकर संत द्वारा आत्मदाह की घटना का भी उल्लेख किया।
बेनीवाल ने कहा कि जाट आरक्षण, गुर्जर आरक्षण और किसान आंदोलनों में उनकी पार्टी हमेशा आंदोलित पक्ष के साथ खड़ी रही है। उन्होंने अग्निवीर योजना को युवाओं और सेना का मनोबल कमजोर करने वाला बताया तथा किसानों की आय दोगुनी करने के दावे को भी झूठा करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2028 के चुनाव में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा, जिसकी झलक पंचायत और निकाय चुनावों में नजर आएगी। इस दौरान एसआई भर्ती-2021 रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलनरत युवाओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल का सम्मान भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश