रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह में रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

 


जयपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक एवं रक्तदान परिसंघ की ओर से राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदाता प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं जिन्होंने निरंतर शिविर आयोजित किये उन संस्थाओं का सम्मान कर स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक द्वारा 17 अक्टूबर 2026 तक जरूरतमंद रोगियों को बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

समारोह में स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक के चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल का प्रदेश में स्वेच्छिक रक्तदान को जन आन्दोलन बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं की और से 51 किलो फूलो की माला पहनाकर नागरिक अभिनन्दन किया गया I डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदाताओं को दिया जाने वाला सम्मान उनके योगदान के प्रति सामाजिक कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूरणमल फूलादेवी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा लोक सेवा एवं लोक शिक्षण के उद्देश्य से संचालित स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक की स्थापना 1995 में की गई। उस समय राजस्थान के निजी क्षेत्र में रक्त की उपलब्धता सीमित होने के कारण कई बार मरीजों की सर्जरी प्रभावित होती थी। प्रारंभ में 21 चिकित्सकों ने रक्तदान कर इस ब्लड बैंक की नींव रखी।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि स्थापना के बाद से स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक ने राजस्थान में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब तक जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में 12 लाख से अधिक यूनिट रक्त वितरित किया जा चुका है, जबकि 5 हजार से अधिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से करीब 4 लाख यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। लगभग 4.5 लाख लोग ब्लड बैंक में पहुंचकर रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्वैच्छिक रक्तदान का प्रतिशत वर्ष 1995-96 के करीब 5 प्रतिशत से बढ़कर अब लगभग 85 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक को रीजनल ब्लड बैंक का दर्जा भी प्राप्त है। रक्तदाताओं को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र तथा रक्त की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था के साथ घर बैठे रक्त संग्रहण के लिए वातानुकूलित रक्त संग्रहण वाहिनी की सुविधा भी दी जा रही है।

उन्होंने रक्तदान शिविरों को स्कूल-कॉलेजों, महिला महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, राष्ट्रीय पर्वों, महापुरुषों की जयंती और श्रद्धा दिवस जैसे अवसरों से जोड़कर ‘स्वस्थ माताएं, स्वस्थ राष्ट्र’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

समारोह में गुलाबी नगरी जयपुर के नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें जयपुर को म्हारा जयपुर, प्यारा जयपुर और सबसे न्यारा जयपुर बनाना है। उन्होंने इस कार्य में सभी जयपुर वासियों के सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, गोपाल शर्मा, विधायक सिविल लाइंस जयपुर, के.एल. जैन, चेबर ऑफ कॉमर्स, एस.एस. भंडारी, सीए, ओ.पी. अग्रवाल, अध्यक्ष अग्रवाल समाज, डॉ. अनुराग अग्रवाल, निदेशक आर्या कॉलेज, ध्रुवदास अग्रवाल, गोपाल गुप्ता, जसवीर सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष फैन्स, डॉ. वीरेंद्र सिंह प्रेसिडेंट राजस्थान हॉस्पिटल, अजयपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष राजस्थान हाउसिंग बोर्ड, पार्षद जयपुर नगर निगम सुभाष सिंघी, शैलेन्द्र भार्गव, नीरज गर्ग, पूर्व महापोर निर्मल नाहटा, पूर्व उप महापोर पुनीत कर्नावट और पंकज जोशी शामिल रहे।

समारोह में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए अनेक गणमान्यो का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले लोगों में विनीत फाउंडेशन से दौलत सैनी, राजेश गोयल, ध्यान सिंह गोठवाल, सोसियल हेल्थ एवं वेलफेयर सोसाइटी से डॉ. मनीष गोयल, आई आई एस डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी से डॉ. राखी गुप्ता, डॉ. शरद राठौड़, गगेन्द्र सेवा समिति से अजेंद्र सिंह, गजेन्द्र शर्मा एवं हीरो मोटोकोर्प लिमिटेड से डॉ. दिव्येश चौहान शामिल रहे।

इसी प्रकार ज्योत्सना नवलखा, कमल जैन कंदोई, मधुरिमा शर्मा, अमरापुर सेवा समिति से कुमार चंदानी, आनंद शर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट से राहुल शर्मा, रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन से पी.सी. मोदी, आर.के. शर्मा, बियानी गर्ल्स कॉलेज से संजय बियानी, शशि खंडेलवाल मेमोरियल ट्रस्ट से शरद खंडेलवाल एवं ज्योति खंडेलवाल और दी इंस्टिट्यूट ऑफ़ चार्टेड अकाउंटेंट ऑफ़ इंडिया जयपुर ब्रांच से कमल जैन को भी शिविर लगाकर रक्तदान कराने और लोगों को प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव