चार चरणों में श्री सांवलिया सेठ के भंडार से निकले 25.16 करोड़, पांचवां चरण गुरुवार को
चित्तौड़गढ़, 20 मई (हि.स.)। वैश्विक आस्था के केंद्र भगवान श्री सांवलियाजी मंदिर में गत दिनों खोले गए भंडार से चार चरणों की गणना में 25 करोड़ 16 लाख 10 हजार 100 रुपए की चढ़ावा राशि प्राप्त हुई है। वहीं चढ़ावा राशि की गणना का पांचवां चरण अब गुरुवार को होगा।
चतुर्दशी को भगवान श्री सांवलिया सेठ के दो दिवसीय मासिक मेले के पहले दिन ठाकुरजी का भंडार खोला गया था। शुक्रवार को पहले चरण की गणना में 11 करोड़ 30 लाख रुपए मिले। दूसरे चरण में 05 करोड़ 77 लाख 50 हजार रुपए और तीसरे चरण में 06 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई। बुधवार को हुए चौथे चरण में 01 करोड़ 62 लाख 60 हजार 100 रुपए की गिनती हुई। इस तरह चारों चरणों को मिलाकर कुल 25 करोड़ 16 लाख 10 हजार 100 रुपए हुए। शेष बची राशि की गणना गुरुवार को पांचवें दौर में की जाएगी। साथ ही भंडार से प्राप्त सोना तथा चांदी का वजन करना भी बाकी है। मंदिर मंडल भेंट कक्ष कार्यालय में नकद व मनीऑर्डर से प्राप्त राशि और भेंट स्वरूप मिले सोना-चांदी की गिनती भी शेष है। बुधवार को चढ़ावा राशि की गणना के दौरान मंदिर मंडल बोर्ड पदाधिकारी, मंदिर मंडल व क्षेत्रीय बैंकों के कर्मचारी मौजूद रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच सांवलिया सेठ के भंडार से प्राप्त राशि की गणना की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल