कांग्रेस को जनता की नहीं, गुटबाजी की चिंता: कुमावत

 


देवस्थान एवं पशुपालन मंत्री का सियासी हमला

जोधपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। देवस्थान एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस इस समय अपने ही अंदर चल रही गुटबाजी और नेतृत्व की खींचतान में उलझी हुई है। उनका आरोप है कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर काम करने के बजाय आपसी विवादों में समय बिता रहा है। कांग्रेस को जनता की नहीं, गुटबाजी की चिंता है। वह गुरुवार को सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू थे।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री जोराराम कुमावत ने प्रदेशवासियों को सावन माह की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर सावन सोमवार को प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक करवा रही है।

उन्होंने बताया कि इन धार्मिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सभी लोगों के कल्याण की कामना की जा रही है। मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को लगातार देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के जरिए चारधाम समेत कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थानों के दर्शन करवाए जा रहे हैं। इससे ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को भी धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है, जो अपने स्तर पर यात्रा नहीं कर पाते। मानसून के दौरान पशुओं में फैलने वाली बीमारियों को देखते हुए मंत्री ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी जगह जरूरी दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही समय पर टीकाकरण, उपचार और लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी बीमारी को फैलने से पहले रोका जा सके और पशुधन सुरक्षित रहे। आगामी पंचायत चुनाव पर मंत्री कुमावत ने कहा कि भाजपा जनता के बीच राज्य सरकार के पिछले ढाई वर्षों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि सरकार ने कई महत्वपूर्ण काम किए हैं और इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर पार्टी को चुनाव में अच्छा जनसमर्थन मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश