झालावाड़ में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं को कुचलते हुए निकली बेकाबू बस, चार की मौत
झालावाड़, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के पातला पीर धार्मिक स्थल के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे छह श्रद्धालु सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं को लेकर आई एक निजी बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े सभी छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें रामगंजमंडी निवासी हामिद खान को खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य पांच घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान रात में तीन घायलों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
सारोला थाना पुलिस के अनुसार हादसे में रामगंजमंडी निवासी हामिद खान, तालिब, रेहान (20) तथा गोविंद नगर, कोटा निवासी अल्फेज (25) की मौत हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि जिस निजी बस से हादसा हुआ, वह भी श्रद्धालुओं को लेकर पातला पीर धार्मिक स्थल पहुंची थी। रात में वापस लौटते समय ढलान वाले रास्ते पर बस अनियंत्रित हो गई। क्षेत्र में बारिश होने के कारण सड़क पर फिसलन होने से चालक के बस पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने हादसे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। धार्मिक स्थल से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित