कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला, नारेबाजी की
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर लगाए गए आरोपों की निंदा की
जोधपुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत निकाली गई पदयात्रा के बाद आयोजित सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर लगाए गए आरोपों को लेकर मामला गर्माता जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दिए गए बयानों पर कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए पलटवारों के बाद आज उनका पुतला दहन किया गया।
नई सडक़ चौराहा पर राजीव गांधी की प्रतिमा के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व महापौर कुंती देवड़ा, कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से माफी मांगने की भी मांग की। बता दे कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर में मंगलवार को गहलोत पर किसानों को लूटने, नकली खाद-बीज बेचने सहित कई आरोप लगाए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश