सीमा के सजग प्रहरी बीएसएफ के जवान राष्ट्र के गौरव : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 


श्रीगंगानगर/जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरहद पर तैनात बीएसएफ के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के सजग प्रहरी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों को तकनीक और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अनूपगढ़ के 2 बीएनएम पहुंचकर बीएसएफ चौकी की बॉर्डर आउटपोस्ट एवं सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान जवानों से संवाद में उन्होंने कहा कि ‘जीवन पर्यन्त कर्तव्य’ के ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए बीएसएफ त्याग, शौर्य, साहस एवं समर्पण से देश की सुरक्षा और संप्रभुता को और मजबूत कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ के जवानों ने भारतीय सेना के साथ अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया। सीमा सुरक्षा के साथ-साथ बीएसएफ के जवान आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ घुसपैठ और तस्करी रोकने के साथ ही सीमापार से आने वाले हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटकों और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस वर्ष 30 जून तक 22 हजार 867 करोड़ रुपये मूल्य के नारकोटिक्स जब्त किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बीएसएफ के जवानों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं तथा कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया गया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था ़सुदृढ़ हुई है, वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने मरु क्षेत्र में लाखों पौधे लगाकर पर्यावरण प्रहरी के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है। प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार द्वारा ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत पांच वर्ष में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर अब तक 24 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।

केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सीमा सुरक्षा बल के जवान महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। केन्द्र और राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के तहत पानी, बिजली, आवास जैसी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने 23वीं वाहिनी बीएसएफ परिसर में पौधारोपण किया। वहीं, बीएसएफ की महिला जवानों ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधा। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, बीएसएफ के महानिरीक्षक डॉ. विकास पाठक सहित बीएसएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव