किताबें बनीं संवाद का जरिया, वर्ल्ड ऑफ़ वर्ड्स बुक क्लब के इन्फो सेशन में उमड़ा उत्साह
बीकानेर, 17 अगस्त (हि.स.)। वर्ल्ड ऑफ़ वर्ड्स बुक क्लब , बीकानेर की ओर से बी जे एस रामपुरिया जैन कॉलेज के इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) के सेमिनार रूम में इन्फो सेशन का आयोजन किया गया। शाम 5 से 7 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में पुस्तक प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की थीम “ऐन इवनिंग ऑफ़ बुक्स , कन्वर्सेशंस एंड आइडियाज़ ” रही।
आयोजन में पुस्तकों, पढ़ने की आदत और साहित्य के माध्यम से विचारों के आदान-प्रदान पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम ने पुस्तक प्रेमियों को एक-दूसरे से जुड़ने, अपने विचार साझा करने और पढ़ने के अनुभवों को सामने रखने का अवसर प्रदान किया।
वर्ल्ड ऑफ वर्ड्स बुक क्लब के फाउंडर आशिमा चौधरी व अंशु हर्ष ने बताया कि बुक क्लब एक ऐसा साहित्यिक मंच है, जहाँ प्रत्येक सप्ताह पुस्तक प्रेमी एकत्र होकर श्रेष्ठ पुस्तकों पर चर्चा करते हैं, अपने विचार साझा करते हैं और पढ़ने की संस्कृति को आगे बढ़ाते हैं। क्लब का उद्देश्य पुस्तकों के माध्यम से संवाद, संवेदनशीलता, चिंतन और आजीवन सीखने की परंपरा को सशक्त बनाना है।
बीकानेर कार्यक्रम आयोजक डॉ गीतिका जैन ने बताया कि ऐसे आयोजन केवल पुस्तकों की चर्चा तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नए लोगों से मिलने, विचारों का आदान-प्रदान करने और सार्थक नेटवर्किंग के उत्कृष्ट अवसर भी प्रदान करते हैं। यही संवाद भविष्य में नए सहयोग, रचनात्मक कार्यों और सकारात्मक संबंधों की मजबूत नींव बनते हैं।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि किताबें केवल पढ़ने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में संवाद, चिंतन और सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। “रीड . रिफ्लेक्ट . रिलेट .” की भावना के साथ बुक क्लब ने बीकानेर में पढ़ने और विचार साझा करने की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक और पहल की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव