पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, गुजरात से पुष्कर घूमने आया था

 


अजमेर, 23 अप्रेल (हि.स.)। पुष्कर में एक युवक का शव बांगड़ स्कूल के सामने रेतीले धोरे में पेड़ से लटका हुआ मिलने सनसनी फैल गई। युवक गुजरात का रहने वाला था और पुष्कर घूमने आया था। उसके साथ आए लोगों ने एक दिन पूर्व ही उसके गायब हो जाने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी।

पुष्कर पुलिस प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पेड़ पर लटके मिले शव को कब्जे में लिया और एफएसएल टीम के जरिए साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में मृतक वलसाड निवासी ऋतिक पुत्र अनिल पटेल बताया जाता है। वह पुष्कर घूमने के इरादे से बस के जरिए यहा पहुंचा था। परिवारजन और बस में सवार अन्य लोगों के अनुसार युवक को देर रात तक बस में तलाशा गया जब वह नहीं मिला तो इसकी सूचना पुष्कर पुलिस को दी गई थी और अपनी यात्रा के लिए रवाना हो गए थे।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई पुलिस अनुंसधान कर रही है। युवक की मौत का स्पष्ट कारण समझ नहीं आ रहा है। पुलिस इस मामले को आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक के परिवाजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष