कुए में गिरे तीन युवक, एक शव निकाला एक की तलाश जारी, घायल को कराया भर्ती
चित्तौड़गढ़, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र में आने वाले बाबा घाट स्थित एक कुए में तीन युवक गिर गये। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है वहीं एक घायल को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि मृतक के चचेरे भाई की तलाश की जा रही है।
चंदेरिया थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि दो दिन पूर्व दो चचेरे भाईयों सूर्यभान सिंह और चेन सिंह की गुमशुदगी थाने पर दर्ज हुई थी। जिसके बाद पुलिस और परिजन लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे। रविवार रात बिड़ला सीमेन्ट के पीछे स्थित बाबा घाट के कुए में शव होने की सूचना मिली। जिस पर बीती रात सिविल डिफेंस की टीम को बुलाकर तलाश शुुरु करवाई तो सूर्यभान सिंह का शव बरामद कर लिया गया। दूसरे भाई के कुए में ही होने की आशंका के चलते तलाश की गई और रात 12 बजे अभियान को रोककर आज सुबह फिर से अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है।
जानकारी मिली है कि सूर्यभान सिंह और उसका भाई चेन सिंह और एक अन्य साथी ललित नागदा तीनों ही बाबा घाट स्थित कुए के किनारे बैठे थे। संभावना है कि नशे की हालत में यह अंदर गिर गये। ललित नागदा कुए के छज्जे पर गिरा जिससे उसका कूल्हा टूटकर वह बेहोश हो गया। बाद में होश आने पर किसी तरह बाहर निकला और खेत मालिक काे सूचना दी। खेत मालिक और परिजनों ने उसे चिकित्सालय भर्ती कराया। बाद में दाे युवकों के डूबने की आशंका पर सिविल डिफेंस की टीम को बुलाकर तलाश शुरु की गई। इस दौरान सूर्यभान सिंह का शव देर रात मिल गया लेकिन चेन सिंह की तलाश जारी है। बताया जाता है कि तीनों युवक नशे के आदि है और नशे की हालत में ही कुए में गिरने की आशंका है। चेन सिंह और सूर्यभान सिंह चित्तौड़गढ़ में अपने भाई कृष्णपाल सिंह के यहां रह रहे थे। चेन की तलाश सिविल डिफेंस के राजकुमार भोई, रतनलाल, नारायण लाल, रामलाल भोई, कैैलाशचन्द्र वैष्णव आदि कर रहे। समाचार लिखे जाने तक चेन सिंह का पता नहीं लग पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल