सीआईडी क्राइम ब्रांच के सीआई का शव फ्लैट में मिला, मौत के कारणों की जांच शुरू
बीकानेर, 01 जुलाई (हि.स.)। बीकानेर में सीआईडी क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक (सीआई) श्रवण बिश्नोई का शव उनके पुलिस कॉलोनी स्थित फ्लैट में मिलने से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर थीं, जबकि उनका सात वर्षीय बेटा स्कूल गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, श्रवण बिश्नोई की पत्नी ने घटना के बाद अपने रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद वे रिश्तेदारों के साथ सीआई को पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीछवाल थाना प्रभारी दिगपाल सिंह ने बताया कि सुबह परिजनों से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार किया है और उनका कहना है कि श्रवण बिश्नोई फ्लैट में मृत अवस्था में मिले थे। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
श्रवण बिश्नोई वर्ष 2014 बैच के उपनिरीक्षक थे। मूल रूप से कोलायत क्षेत्र के चक विजयसिंहपुरा गांव के निवासी श्रवण लंबे समय तक बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में कार्यरत रहे। करीब दो महीने पहले उनका तबादला जयपुर स्थित सीआईडी-क्राइम ब्रांच में हुआ था। जानकारी के अनुसार वे पिछले 20 दिनों से अवकाश पर थे और बीकानेर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने दोबारा बीकानेर तबादले के लिए भी प्रयास किए थे, लेकिन स्थानांतरण नहीं हो सका।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित