ककराना गांव पहुंचा नेवी जवान, पत्नी व दो बच्चों के शव
झुंझुनू, 17 अगस्त (हि.स.)।भारतीय नौसेना के जवान पूरणमल मेहरा उनकी पत्नी और 2 बच्चों के शव राजस्थान में झुंझुनू जिले के ककराना गांव पहुंच गए है। जहां उनका अंतिम स्ंस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। गुढ़ागौड़जी थाने से आर्मी के ट्रक में शव गांव पहुंचा। पूर्णमल के भाई शव लेने के लिए मुंबई गए थे। उड़ान छूट जाने के कारण शवों को लाने में देरी हुई। सोमवार सुबह शव जयपुर पहुंचा और दोपहर तक गुढ़ागौड़जी थाने में पहुंच गया था।
15 अगस्त को हाई-सिक्योरिटी नेवी नगर (कोलाबा) मुम्बई स्थित सरकारी आवास में नेवी जवान पूरणमल मेहरा (30) फंदे से लटके मिले। जबकि पत्नी ओमा मेहरा (26), तीन वर्षीय बेटे यश मेहरा और तीन महीने की बच्ची का शव कमरे में बिस्तर पर पड़े थे। पुलिस बच्चों और पत्नी द्वारा जहर खाए जाने या दिए जाने के एंगल से जांच कर रही है।
भाई मुकेश कुमार ने बताया कि पूरणमल मेहरा वर्ष 2015 में जोधपुर से नौसेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी शादी सीकर जिले के खंडेला निवासी ओमा मेहरा से हुई थी। पूरणमल करीब 9 महीने पहले गांव ककराना आए थे। करीब 6 दिन पहले उनकी घरवालों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद परिवार के लोग पिछले तीन दिन से उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन फोन का जवाब नहीं मिल रहा था। पूरणमल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पूरणमल का एक बड़ा भाई बृजलाल मेहरा आर्मी में है। छोटा भाई मुकेश कुमार गांव में ही रहता है। पिता शंभू दयाल गांव में किराना दुकान चलाते हैं।
ककराना के ग्रामीण शीशराम खटाना ने बताया कि पूरणमल करीब 20 दिन की छुट्टी पर था और ड्यूटी पर नहीं था। बातचीत में यह भी सामने आया कि घटना 14 अगस्त की बताई जा रही थी, जबकि नौसेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चारों के शव 15 अगस्त को घर में मिले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ओमा के पिता भी मुंबई आए थे और बेटी को अपने साथ ले जाना चाहते थे। पुलिस इस पहलू के साथ-साथ मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई पुलिस मर्डर और सुसाइड सहित सभी एंगल से जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश