पाली में बंद मकान से मां और दो बेटों के शव मिले

 


पाली, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहर के आशापुरा टाउनशिप क्षेत्र में गुरुवार को एक बंद मकान से मां और उसके दो बेटों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार जोधपुर रोड स्थित मकान पिछले दो दिनों से बंद था। आसपास के लोगों को घर से तेज बदबू आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां तीन शव मिले।

मृतकों की पहचान शांति देवी (65), नरपत लाल (34) और रघुवीर (26) के रूप में हुई है, जो आपस में मां-बेटे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं। पुलिस आस-पास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि मौत से पहले तीनों ने अपने कुछ परिजनों को आधार कार्ड और फोटो भेजे थे, जिससे मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित