जयपुर में भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय ट्रस्ट बैठक शुरू

 


जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय ट्रस्ट बैठक सोमवार से जयपुर स्थित अग्रसेन विकास ट्रस्ट, मंगल मंच, 22 गोदाम रोड पर शुरू हुई। दो दिवसीय बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को आयोजित की जा रही है। इसमें देश के 17 प्रदेशों से भारतीय मजदूर संघ से जुड़े विभिन्न ट्रस्टों के पदाधिकारी और ट्रस्टी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने की। संगठन के पूर्व अखिल भारतीय महामंत्री रविंद्र हिमन्ते ने बैठक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के पूर्व वित्त सचिव एवं ट्रस्टी एस.के. राठौर सहित विभिन्न प्रदेशों से आए ट्रस्टी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ से संबंधित विभिन्न ट्रस्टों और उनकी संपत्तियों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। ट्रस्ट संपत्तियों के सुधार, संरक्षण, रखरखाव, विकास और बेहतर उपयोग को लेकर विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने सुझाव रखे। इसके अलावा ट्रस्टों से संबंधित वित्तीय एवं प्रशासनिक गतिविधियों तथा आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। ट्रस्ट संपत्तियों को संगठन की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक उपयोगी बनाने, उनके रखरखाव एवं संरक्षण की व्यवस्था बेहतर करने तथा भविष्य में ट्रस्ट से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रस्टों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी साझा की। इन विषयों पर आवश्यक सुधार, संपत्तियों के रखरखाव और आगामी कार्ययोजना को लेकर मंथन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश