भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बोले मुख्यमंत्री : मोदी सरकार के कार्यों पर जनता ने लगाई मोहर
जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले ढाई वर्षों से अधिक समय में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उन पर राजस्थान की जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान कर अपनी मोहर लगा दी है। जनता ने प्रधानमंत्री के विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को स्वीकार किया है।
मुख्यमंत्री सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर नगरीय चुनावों में भाजपा के पक्ष में आए परिणामों को लेकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत को कार्यकर्ताओं के परिश्रम का फल बताते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक विजय कार्यकर्ताओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के बीच किए गए कार्यों के चलते भाजपा को यह सफलता मिली है। चुनाव परिणामों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि प्रदेश के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके विजन पर फिर से भरोसा जताया है। आज राजस्थान के साथ-साथ पूरे देश का युवा प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा है। पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर महिला, युवा और गरीब कल्याण के लिए कार्य किया। इसी का परिणाम है कि जनता ने भाजपा सरकार पर विश्वास जताते हुए चुनावों में समर्थन दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। निकाय विकास संकल्प पत्र में किए गए वादों को भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नगरीय निकाय चुनावों के बाद आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा को बड़ी जीत हासिल होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनादेश के माध्यम से मतदाताओं ने यह संदेश दिया है कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जो जनता की आवाज सुनकर संवेदनशीलता के साथ उनके लिए कार्य करती है। साथ ही, जनता ने वन स्टेट, वन इलेक्शन के विचार को भी स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से विकास कार्यों में गति आती है और संसाधनों की बचत होती है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के समय में लगातार दो साल तक निकाय और दो साल तक पंचायत चुनाव होते रहे हैं। ऐसे में बार-बार चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने एक साथ चुनाव कराने के विचार को समर्थन देकर विकास और संसाधनों की बचत के पक्ष में अपना जनादेश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित