हवामहल में भाजपा का डैमेज कंट्रोल सफल: नाराज कार्यकर्ता फिर जुटे चुनावी मैदान में
जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। हवामहल विधानसभा क्षेत्र में दो वार्डों को मिलाकर एक वार्ड बनाए जाने के बाद टिकट को लेकर सामने आई नाराजगी को भाजपा ने दूर करने का दावा किया है। भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि नाराज और बागी कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों से बातचीत कर उन्हें मना लिया गया है। अब संगठन एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए चुनाव मैदान में जुट गया है।
प्रवीण ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं और पार्टी हर चुनाव को गंभीरता से लड़ती है। चुनाव अभियान में संगठन के सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका दी गई है।
हवामहल के प्रमुख चुनावी मुद्दों पर उन्होंने पलायन, अतिक्रमण और हेरिटेज संरक्षण को प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पलायन की समस्या को लेकर सरकार गंभीर है और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित राज्य सरकार कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। परकोटे के यूनेस्को हेरिटेज दर्जे को जयपुर की ऐतिहासिक पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ शहर की संस्कृति, स्थापत्य और हेरिटेज स्वरूप सुरक्षित रखा जाएगा।
दूसरे राज्यों से नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में बुलाने के विपक्ष के आरोपों पर प्रवीण ने कहा कि यह भाजपा की कमजोरी या डर नहीं, बल्कि संगठन की मजबूत कार्यसंस्कृति और आपसी सहयोग का प्रमाण है।
महाराष्ट्र के छात्र आंदोलन पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश दे चुके हैं और कमेटी गठित की गई है। उन्होंने विपक्ष पर छात्रों के आंदोलन की आड़ में राजनीतिक जमीन मजबूत करने का आरोप लगाया। मनोज जरांगे के मराठा आरक्षण संबंधी अल्टीमेटम पर उन्होंने कहा कि सरकार समाज की अधिकांश मांगों को लेकर सकारात्मक है और संवैधानिक दायरे में समाधान का प्रयास कर रही है।
दिशा सालियान मामले में सीबीआई जांच को लेकर प्रवीण ने कहा कि न्यायालय के फैसले से निष्पक्ष जांच का रास्ता खुला है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों से सच सामने आएगा।
भाजपा के चुनावी एजेंडे में स्थानीय स्तर पर पलायन, अतिक्रमण, हेरिटेज संरक्षण और संगठन की एकजुटता प्रमुख हैं। वहीं महाराष्ट्र के छात्र आंदोलन, परीक्षा सुधार और मराठा आरक्षण पर भी पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश