गुलाबीनगर में पहली बार पैदल मार्च करेंगे रेल व सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, साथ रहेंगी सांसद मंजू शर्मा

 


जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा पांच नवंबर को जयपुर में सड़कों पर उतरेगी। केंद्रीय रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव पहली बार जयपुर में इस अभियान के तहत पैदल मार्च करेंगे। जयपुर सांसद और कार्यक्रम की संयोजक मंजू शर्मा उनके साथ पदयात्रा में शामिल होंगी। भाजपा इस आयोजन के जरिए कांग्रेस पर एसआईआर के नाम पर भ्रम फैलाने और चुनावी प्रक्रिया के प्रति अविश्वास पैदा करने जैसे षडयंत्र का जवाब देने की तैयारी में जुटी है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत होने वाली इस पदयात्रा में पार्टी ने 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।

इस कार्यक्रम की संयोजक सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि पदयात्रा से पहले रामलीला मैदान में जनसभा होगी। इसमें अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। भाजपा का मकसद एसआईआर को लेकर अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने के साथ कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक जवाब देना है।

-

सांसद मंजू शर्मा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रामक दावों के जरिए जनता में भ्रम पैदा कर रही है और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। उनका कहना है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। जयपुर की पदयात्रा इसी रणनीति का हिस्सा है।

भाजपा ने आयोजन को केवल कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने तक सीमित रखने के बजाय एसआईआर पर अपनी बात जनता तक पहुंचाने और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम कर रही है। जनसभा के बाद पैदल मार्च के जरिए भाजपा इसी राजनीतिक संदेश को आमजन तक पहुंचाएगी।

भाजपा ने दीपावली के खरीदारी सीजन में व्यापारियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पदयात्रा की योजना बनाई है। परकोटे के बाजारों में त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में लंबे मार्च से यातायात जाम, दुकानदारों के कारोबार और लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर सकता था।

इसे देखते हुए पदयात्रा का मार्ग रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक सीमित रखा गया है। पार्टी की कोशिश है कि एसआईआर पर राजनीतिक संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया जाए और दीपावली के बाजारों की रौनक तथा व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों। भाजपा इसे बड़े राजनीतिक संदेश वाली सांकेतिक पदयात्रा के रूप में आयोजित कर रही है।

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर हाल ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र, मंडल और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं। मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को जुटाने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा लगातार बैठकें लेकर तैयारियों की समीक्षा के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दे रही है। जयपुर शहर के सभी जनप्रतिधि, संगठन पदाधिकारियों से चर्चा व बैठकों के दौर चल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश