भाजपा को मिली मजबूती: प्रमुख सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने थामा कमल

 


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को नागौर जिले के अनेक प्रमुख सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नवागंतुकों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं के जुड़ने से नागौर में संगठन को नई मजबूती और ऊर्जा मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी व मिथिलेश गौतम, डेगाना के पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा और प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कुचेरा के भामाशाह गरीब राम मंडा, डेगाना के पूर्व विधायक विजयपाल मिर्धा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवीन मंडा, युवा मोर्चा ओबीसी उपाध्यक्ष शिवजी देशवाल, कुचेरा मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल माली और डूंगर सिंह भाटी भी उपस्थित रहे।

भाजपा की सदस्यता लेने वालों में मान पुष्पराज टाक (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, कुचेरा), सोहन टाक, नेमाराम मणिया, रामरतन डूकिया, जगदीश गहलोत, राम मेघवाल, भूराराम टाक, नेनाराम बागड़ी, प्रेमसुख कड़वासरा, शिम्भुराम लोमरोड़, धन्ना खां तैली, वाइत खां, रावतराम रेगर, मेहराम गहलोत, मनोहर आचार्य, सुमर महिया, जोधाराम डूकिया और गुलाब चंद शर्मा शामिल हैं। नेमाराम मणिया, रामरतन डूकिया और शिम्भुराम लोमरोड़ पूर्व पार्षद रहे हैं।

नवागंतुकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे विकास एवं जनकल्याण कार्यों तथा भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में विश्वास जताया। उन्होंने गरीब, युवा, महिला और किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों को संगठन से जुड़ने का आधार बताया। कार्यकर्ताओं ने नागौर में भाजपा संगठन को मजबूत करने तथा ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश