निकाय चुनाव में युवाओं-महिलाओं का उत्साह भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल का संकेत: राठौड़
जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश में निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की भावना से कराने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से न केवल सरकारी खर्च बढ़ता है, बल्कि प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित होता है। चुनाव और आचार संहिता के कारण विकास कार्यों की गति रुकती है, जिसका सीधा असर आमजन पर पड़ता है।
राठौड़ मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की ओर से निकाय चुनाव के लिए प्रकाशित मार्गदर्शिका पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकार और प्रशासनिक मशीनरी चुनावी कार्यों में व्यस्त हो जाती है। आचार संहिता की आड़ में विकास कार्य रुकने से लोककल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का पहरेदार है। पंचायत से लेकर संसद तक किसी भी चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता सजगता के साथ अपनी भूमिका निभाता है। लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि है, लेकिन मतदाताओं तक सही तथ्य पहुंचाना और विपक्ष की ओर से दी जा रही गलत जानकारी से उन्हें अवगत कराना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि युवा राजनीति में आगे आएं, उनकी भागीदारी बढ़े और वे प्रशिक्षित होकर जनप्रतिनिधि के रूप में लोकसेवा के मिशन से जुड़ें, इसके लिए पार्टी अपने युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण और अवसर दोनों देती है। नई पीढ़ी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगे बढ़े और जनसेवा के लिए समर्पित हो, यह पार्टी की प्राथमिकता है।
राठौड़ ने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। यह जमीनी स्तर पर डबल इंजन सरकार की ओर से किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों और संगठन की मजबूती के प्रति जनता के सकारात्मक रुझान को दर्शाता है।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत, सहसंयोजक भवानी सिंह राजावत, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया संयोजक हिरेन्द्र कौशिक सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश