गहलोत मुंगेरीलाल के सपने छोड़ें और जमीन पर आकर करें सेवा: मदन राठौड़
जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वैश्विक संकट के समय राजनीति करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि वे ‘मुंगेरी लाल के सपने’ देखना छोड़ें और धरातल पर उतरकर समाज सेवा करें।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से देशवासियों को महत्वपूर्ण संदेश मिला है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, खासकर गल्फ देशों में तनाव के बीच भारत पूरी तरह सक्षम और मजबूत है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और देश के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जैसे कोविड काल में देशवासियों ने एकजुट होकर चुनौतियों का सामना किया, वैसे ही आज भी संयम और विश्वास जरूरी है। प्रधानमंत्री ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने, युवाओं को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा जल संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। छोटे-छोटे प्रयासों जैसे वर्षा जल संचयन, खेत तालाब और जल प्रबंधन से बड़े बदलाव संभव हैं।
राठौड़ ने बताया कि ‘मन की बात’ में खेलों के महत्व पर भी जोर दिया गया और क्रिकेट में भारत की हालिया जीत पर गर्व व्यक्त करते हुए पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने की बात कही गई। साथ ही जयपुर के नवाचारकर्ताओं के उदाहरण देते हुए सोलर पैनल व सोलर पंप से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया। महिलाओं द्वारा मछली पालन जैसे कार्यों को भी प्रेरणादायक बताया गया।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस संकट के समय भी प्रदर्शन और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जबकि ऐसे समय में सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोविड काल में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई थी, उसी तरह कांग्रेस को भी रचनात्मक सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा विकास, सेवा और समर्पण के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी। भाजपा का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम” है और पार्टी हर परिस्थिति में जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश