भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस की सुबह 8:30 बजे होगा ध्वजारोहण
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व के साथ आत्मचिंतन का भी अवसर है।
राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। सभी देशवासी मिलकर भारत को सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बनाने का संकल्प लें। उन्होंने नागरिकों से देशभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि 15 अगस्त को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सुबह 8:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य जन मौजूद रहेंगे।
वहीं बड़ी चौपड़ पर सुबह 7:30 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्यजन शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश