राजस्थान में 10 से 13 अक्टूबर तक होंगे 1,200 नुक्कड़ नाटक

 


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से राजस्थान में 10 से 13 अक्टूबर तक 1,200 नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा स्मरण-नमो अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 600 शहरी और 600 ग्रामीण क्षेत्रों में इनका मंचन होगा।कार्यक्रम संयोजक एवं कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि अभियान के लिए 50 नुक्कड़ नाटक टीमों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक टीम में छह कलाकार होंगे और प्रतिदिन छह स्थानों पर मंचन किया जाएगा।कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों का विषय ‘माटी रो सरदार-सेवा से संकल्प तक’ रखा गया है। इनके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, विभिन्न कार्यक्रमों और सेवा कार्यों से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।अभियान के सह-संयोजक एवं एससी वित्त बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा सांस्कृतिक एवं पर्यटन प्रकोष्ठ के सह-संयोजक डॉ. चन्द्रदीप हाड़ा के मार्गदर्शन में अभियान का संचालन किया जाएगा।भाजपा के अनुसार अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा से जुड़े कार्यों एवं उपलब्धियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश