वोट चोरी—ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाले अब देश की जनता से मांगे माफी: मदन राठौड़

 


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करती है। भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कांग्रेस ने ये चुनाव विशुद्ध रूप से झूठ और फेक नैरेटिव के आधार पर लड़ा, जबकि भाजपा ने सकारात्मक राजनीति करते हुए विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी। चुनाव परिणामों पर पार्टी सकारात्मक भाव से मंथन करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी। राठौड़ ने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनके राष्ट्रीय आदर्श एवं लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने जिस तरह वोट चोरी का माहौल बनाया और संवैधानिक संस्थाओं पर छींटाकशी करते हुए अराजकता का वातावरण तैयार किया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस लगातार ईवीएम, प्रशासन, चुनाव आयोग और भाजपा पर निराधार आरोप लगाती रही तथा देश के युवाओं को बरगलाने का प्रयास किया। आज चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेताओं का जश्न मनाना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं और भारतीय जनता पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। डोटासरा को अब स्वीकार कर लेना चाहिए कि न तो ईवीएम सेट होती है, न वोट चोरी होती है और न ही निर्वाचन आयोग किसी दबाव में कार्य करता है। चुनाव परिणाम कांग्रेस के झूठे आरोपों पर करारा तमाचा हैं। राठौड़ ने कहा कि हार के नए कीर्तिमान बनाने वाले राहुल गांधी के पिछलग्गू बनकर चलने वाले डोटासरा आज इस्तीफे की मांग और भ्रष्टाचार की बातें कर रहे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके शिक्षा मंत्री रहते शिक्षक दिवस पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों ने ही भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का खुलासा किया था। आज वे अधिकारियों को भ्रष्ट बता रहे हैं और कमीशन की बातें कर रहे हैं, तो उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अपने जिन रिश्तेदारों को राजकीय प्रभाव से अधिकारी बनाया था, वे कितना कमा रहे है, और उनका हिस्सा कितना आ रहा है पर भी जवाब दे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक और युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करने के आरोपों से घिरी कांग्रेस आज जिस अहंकारपूर्ण भाषा का इस्तेमाल कर रही है, उसे प्रदेश की जनता देख और समझ रही है। पेड़ से बांधकर मारने जैसी भाषा लोकतांत्रिक राजनीति नहीं, बल्कि अराजकता और सत्ता परिवर्तन के नाम पर भय का माहौल बनाने वाली मानसिकता को दर्शाती है। डोटासरा जी को समझना चाहिए कि यह लोकतंत्र है और भारत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के दिए संविधान से चलता है, किसी की दादागिरी से नहीं। राठौड़ ने कहा कि आश्चर्यजनक है कि जिस कांग्रेस के नेताओं ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और जिन डोटासरा ने गौरक्षक वीर तेजाजी महाराज पर टिप्पणी की, वे आज धार्मिक उदाहरण दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को पहले अपने बयानों और राजनीतिक आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश