ईवीएम—एसआईआर और घुसपैठ पर संसद में चर्चा को तैयार भाजपा : मदन राठौड़
जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद से दूरी बनाने वाले राहुल गांधी का बहस की चुनौती देना उचित नहीं लगता। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब से नेता प्रतिपक्ष बने हैं, तब से उनकी भूमिका नेता प्रतिपक्ष के बजाय ‘नेता प्रोपेगेंडा’ जैसी हो गई है। कभी संसद में बोलने पर भूकंप आने की बात करते हैं तो कभी अनर्गल बयानबाजी करते हैं। उनका मकसद झूठे आरोप लगाकर सुर्खियों में बने रहना है।
राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी में हिम्मत है तो उन्हें संसद में आकर बहस करनी चाहिए। भाजपा संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। ईवीएम, एसआईआर या घुसपैठियों सहित किसी भी मुद्दे पर सदन में चर्चा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाने का सबसे बेहतर मंच संसद है। सड़क पर फैसले लेने की बात लोकतंत्र के बजाय अराजकता की स्थिति पैदा कर सकती है। इसी अराजकता को रोकने के लिए भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है।
राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद हुए पहले चुनाव में अबुल कलाम आजाद को जिताने और डॉ. भीमराव आंबेडकर को हराने के लिए कांग्रेस ने कथित तौर पर अनुचित हथकंडे अपनाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब को हराने के लिए वैध मतों को खारिज किया गया, जबकि अबुल कलाम आजाद के पक्ष में विपक्ष के वोट भी कांग्रेस की पेटियों में डलवाए गए। राठौड़ ने कहा कि ऐसी पार्टी का आज वोट चोरी का मुद्दा उठाना ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ कहावत को चरितार्थ करता है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप भी लगाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश