खरगे के बयानों में दिख रहा बढ़ती उम्र का असर : मदन राठौड़

 




जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हिंदू त्योहारों को लेकर दिए गए बयानों और सोनिया गांधी की पुस्तक में संजय गांधी से जुड़े उल्लेख पर प्रतिक्रिया दी। राठौड़ ने खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयानों में बढ़ती उम्र का असर नजर आ रहा है। कभी वे कुछ बोल जाते हैं तो कभी उनकी जुबान लड़खड़ा जाती है। कभी देश के प्रधानमंत्री के पिता को लेकर टिप्पणी करते हैं तो कभी दीपावली की तुलना ईद से करने लगते हैं।

राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक त्योहार का समाज में अपना अलग महत्व और प्रसंग होता है। त्योहारों की तुलना करने के बजाय संबंधित पर्व के महत्व और उसकी परंपराओं पर बात करनी चाहिए। किसी एक समाज विशेष को खुश करने के लिए त्योहारों की तुलना करना उचित नहीं है। उन्होंने खरगे के परिवार से जुड़े इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके परिवार ने किन परिस्थितियों और यातनाओं का सामना किया था। उनकी माता, भाई और बहन को किसने जलाकर मार दिया था। इसके बावजूद इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है।

सोनिया गांधी की पुस्तक में आपातकाल के संदर्भ में संजय गांधी का उल्लेख किए जाने पर राठौड़ ने कहा कि संजय गांधी जब तक जीवित थे, तब तक इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी उनकी व्यवस्था के अनुसार चलते थे। ऐसे में उनके मरणोपरांत उनकी आलोचना करना और उन्हें कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आपातकाल इंदिरा गांधी परिवार का सामूहिक निर्णय था। इसके लिए केवल एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराकर तत्कालीन प्रधानमंत्री को बचाया नहीं जा सकता।

राठौड़ ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है। उस दौरान लोकतंत्र की हत्या की गई, प्रेस की आजादी छीन ली गई और युवाओं की जबरन नसबंदी करवाई गई। यहां तक कि भारत माता की जय बोलने वालों को भी जेल में बंद कर दिया गया था। कांग्रेस को इन घटनाओं की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि यह कहा जा रहा है कि संजय गांधी परोक्ष रूप से सरकार चला रहे थे तो यह और भी शर्मनाक है। उस समय देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं। यदि सरकार किसी और के प्रभाव में चल रही थी तो इससे इंदिरा गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े होते हैं। राठौड़ ने कहा कि जिनके नाम और प्रतिष्ठा के सहारे परिवार की राजनीतिक पहचान बनी, मरणोपरांत उनकी आलोचना करना उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश