मुझे साइलेंट नहीं, वोकल फॉर लोकल' रखा है: राजेंद्र राठौड़
आरपीएससी की पारदर्शिता पर जताया भरोसा, युवाओं से 2047 के विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
अजमेर, 7 जुलाई(हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों पर चुटीले अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पार्टी ने साइलेंट नहीं, बल्कि वोकल फॉर लोकल रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे लगातार प्रदेशभर में पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय हैं और संगठन के लिए पहले की तरह कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की चयन प्रक्रिया पर विश्वास जताते हुए कहा कि राज्य सरकार आयोग की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
राठौड़ अजमेर के मेडिकल कॉलेज सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पर्व के अंतर्गत आयोजित 'छात्र युवा सम्मेलन' में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पार्टी में स्वयं को साइलेंट किए जाने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, साइलेंट कहां कर रखा है? कल जोधपुर में बोल रहा था, आज अजमेर में बोल रहा हूं और कल जयपुर में बोलूंगा। हमें साइलेंट नहीं, बल्कि 'वोकल फॉर लोकल' रखा है।
आरपीएससी की कार्यप्रणाली और हालिया नियुक्तियों पर पूछे गए सवाल के जवाब में राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आयोग से जुड़े सभी विषयों से पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नियुक्त किए गए सदस्यों की योग्यता और पृष्ठभूमि बताती है कि वे विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं तथा उनकी ईमानदारी पर कोई प्रश्नचिह्न नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने आरपीएससी की पारदर्शिता और पवित्रता बनाए रखने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने के मुद्दे पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर कोई प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा देशभर में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में युवाओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
अपनी राजनीतिक भूमिका पर उन्होंने कहा कि भाजपा में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का होता है। उन्होंने स्वयं को हमेशा संगठन का एक सामान्य एवं जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी उसी भावना से पार्टी की सेवा करते रहेंगे। युवाओं से उन्होंने शॉर्टकट की राजनीति से दूर रहकर संगठन की विचारधारा, अनुशासन और सतत परिश्रम के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। धनबल और बाहुबल के प्रभाव संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यसंस्कृति संगठन और विचार की शक्ति पर आधारित है तथा मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
राजनीतिक नियुक्तियों के संबंध में राठौड़ ने कहा कि कुछ नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि शेष नियुक्तियां मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार के अनुसार समय पर की जाएंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष