अजय कुमार बने राजस्थान भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन), 29 माह बाद भरा गया पद
नई दिल्ली/जयपुर, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान संगठन में लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रदेश महामंत्री (संगठन) पद पर नियुक्ति कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी संगठनात्मक नियुक्ति पत्र के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अजय कुमार को राजस्थान प्रदेश भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि अजय कुमार राजस्थान भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन, समन्वय और विस्तार से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करेंगे। नियुक्ति पत्र की प्रतिलिपि सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री को भी प्रेषित की गई है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान भाजपा में प्रदेश महामंत्री (संगठन) का पद 15 जनवरी 2024 से चंद्रशेखर के तेलंगाना जाने के बाद से रिक्त चल रहा था। करीब 29 माह से खाली इस पद को लेकर पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच लगातार चर्चाएं चल रही थीं। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस पद पर नियुक्ति के साथ ही राजस्थान भाजपा को नया संगठनात्मक नेतृत्व मिल गया है। अजय कुमार की नियुक्ति से प्रदेश संगठन और सरकार के बीच समन्वय को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर