नीट परीक्षा से पहले राहुल गांधी का कोटा दौरा केवल राजनीतिक पर्यटन : राजेन्द्र राठौड़

 


कोटा, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने मंगलवार को कोटा में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण देश के 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। आगामी 21 जून को नीट की पुनर्परीक्षा प्रस्तावित है, ऐसे में परीक्षा से कुछ दिन पहले राहुल गांधी का कोटा दौरा केवल राजनीतिक पर्यटन है।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 19 पेपर लीक हुए, जिससे लाखों युवाओं के सपने प्रभावित हुए, लेकिन उस समय राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कोई चिंता व्यक्त नहीं की। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले का पहला बड़ा खुलासा राजस्थान एसओजी ने किया था, जिसके बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा और सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सत्ता संभालते ही एसआईटी का गठन किया। इसके तहत 155 एफआईआर दर्ज कर 515 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अब तक 1.25 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी हैं, 1.45 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा वर्ष 2026 के लिए 44 परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया जा चुका है।

प्रेसवार्ता में मौजूद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कोटा में पढ़ने आए विद्यार्थी अपने भविष्य को प्राथमिकता दे रहे हैं और परीक्षा से ठीक पहले किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपना भविष्य प्यारा है, कांग्रेस का सर्कस नहीं।

राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें भाजपा पर कोचिंग संचालकों को धमकाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि भय का माहौल भाजपा में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर है, क्योंकि उसे अपने कार्यक्रम के फ्लॉप होने की चिंता सता रही है।

प्रेसवार्ता में विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, संभाग प्रभारी नाहर सिंह, जिला प्रभारी अजीत मेहता, सह-प्रभारी स्नेहा कंबोज और शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित