भाजपा जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएगी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां
जयपुर, 30 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएगी।
भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि योग दिवस, ‘एक पेड़ मां के नाम’, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, परिंडे लगाओ अभियान, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्रा, ग्राम चौपाल और रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन अभियानों में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। प्रदेशभर में सभागार बैठकों और संवाद कार्यक्रमों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की विकास यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का विशेष प्रसारण रविवार को प्रदेश कार्यालय सहित सभी बूथों पर सुना जाएगा। प्रदेश कार्यालय में लाइव प्रसारण होगा, जबकि मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। जनसंपर्क अभियान का दायित्व श्रवण सिंह बगड़ी, सभागार बैठकों का भूपेंद्र सैनी, जनकल्याण शिविर का कैलाश मेघवाल, उपलब्धियों की प्रदर्शनी का डॉ. मिथिलेश गौतम, विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम का जसवंत विश्नोई, प्राकृतिक खेती कार्यशाला का सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का छगन माहूर तथा मीडिया संवाद का दायित्व मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ को सौंपा गया है। सैनी ने बताया कि प्रदेश के 23 जिलों में बावड़ियों, कुओं और पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई जनभागीदारी से की जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस अभियान में भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर चलाए जा रहे ये अभियान विकास के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और जन जागरण को भी मजबूत करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश