भरतपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, हनुमान बेनीवाल का पुतला फूंका सीएम पर टिप्पणी से नाराजगी, बोले- भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें

 




भरतपुर, 28 मई (हि.स.)। भरतपुर शहर के लक्ष्मण मंदिर चौराहे पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद के बयान की कड़ी निंदा की।

इस मौके पर अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र राजकुमार नायक ने कहा कि भारत एक संसदीय लोकतंत्र है और किसी भी जनप्रतिनिधि को मर्यादित भाषा का ही प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए लक्ष्मण मंदिर चौराहे पर पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

दरअसल, बुधवार को दूदू के भैराना धाम में रीको की औद्योगिक परियोजना के विरोध में आयोजित महापंचायत में सांसद हनुमान बेनीवाल शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। भरतपुर में इसी बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना रोष जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर