जेन जी नहीं, युवाओं को युवा शक्ति कहें: संगीता यादव

 


जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। पंचायत एवं निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने सोमवार को जोधपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने युवाओं, भाजपा संगठन और निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पार्टी की प्राथमिकताओं पर बात रखी। संगीता यादव ने कहा कि युवाओं को ‘जेन जी’ कहने के बजाय ‘युवा शक्ति’ या ‘युवा भाई-बहन’ जैसे शब्दों से संबोधित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी पहचान को केवल ‘जेन जी’ जैसे शब्दों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

संगीता यादव ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में इस बार युवाओं को अच्छी भागीदारी मिली है। पार्टी लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं से लगातार संवाद कर रहे हैं। भाजपा के सांसद और विधायक भी युवाओं के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

निकाय चुनाव में युवाओं को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी निश्चित प्रतिशत को लेकर अभी फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी योग्य युवा दावेदार सामने आएंगे, पार्टी उनके नाम पर विचार करेगी। टिकट केवल उम्र के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ता की सक्रियता, स्थानीय स्तर पर किए गए काम और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता को देखकर दिया जाएगा।

संगीता यादव ने कहा कि भाजपा में टिकट वितरण केवल ऊपर से तय नहीं होता। स्थानीय स्तर पर सर्वे कराया जाता है और जनता के बीच सबसे बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ता की दावेदारी को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ता ही जनता के बीच लगातार काम करता है, इसलिए उसकी सक्रियता महत्वपूर्ण है।

राज्य की भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर चल रही हैं और उनके सामने कोई बड़ी शिकायत नहीं आई है। छोटे-मोटे मुद्दे सामने आने पर अधिकारियों और स्थानीय विधायकों से बातचीत कर उनका समाधान कराया गया।

चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी के सवाल पर यादव ने कहा कि जहां भी जमाखोरी मिलेगी, वहां कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतें उत्पादन और मांग के साथ मुक्त बाजार से भी प्रभावित होती हैं। प्रधानमंत्री के पर्याप्त चीनी स्टॉक वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार आंकड़ों के आधार पर जानकारी देती है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं पूरी तरह परफेक्ट नहीं हो सकतीं। यदि कहीं कोई कमी रह जाती है तो उसकी समीक्षा कर उसे दूर किया जाएगा। सरकार लगातार योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करती रहती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश