राहुल गांधी के बयान पर सांसद जोशी का पलटवार
चित्तौड़गढ़, 20 मई (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने रायबरेली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को “गद्दार” कहना केवल राजनीतिक दिवालियापन नहीं, बल्कि देश की जनता के जनादेश और लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी अपमान है।
सीपी जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए देशभक्ति कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि संस्कार और विचारधारा का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता, सुरक्षा, संस्कृति और गौरव को मजबूत करने का कार्य किया है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करता है और भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य पर आधारित है।
सांसद ने कहा कि “गद्दार वो नहीं जिन्होंने देश से आतंकवाद और अलगाववाद खत्म करने के लिए धारा 370 हटाई, बल्कि वे हैं जिन्होंने संसद से लेकर सड़कों तक इसका विरोध किया।” उन्होंने कहा कि “गद्दार वो नहीं जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया, बल्कि वे हैं जिन्होंने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं।”
सीपी जोशी ने कहा कि “गद्दार वो नहीं जिन्होंने सेना को खुली छूट देकर आतंकियों को घर में घुसकर जवाब दिया, बल्कि वे हैं जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सेना का मनोबल गिराया।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी मंचों पर जाकर भारत की छवि खराब करने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ-सबका विकास” की भावना से कार्य करने वाली भाजपा पर आरोप लगाने वाले वे लोग हैं जिन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया और वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को बांटने का कार्य किया।
सांसद सीपी जोशी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रवाद पर बोलने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, घोटालों से देश को शर्मसार किया और शाहबानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और राहुल गांधी को बार-बार नकार चुकी है, इसलिए अब कांग्रेस तथ्यों और मुद्दों की राजनीति छोड़कर भ्रम फैलाने और स्तरहीन बयानबाजी का सहारा ले रही है। उन्होंने राहुल गांधी से सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनता अब झूठे नैरेटिव और सस्ती लोकप्रियता की राजनीति को पहचान चुकी है।
सीपी जोशी ने कहा, “राहुल गांधी को यह समझ लेना चाहिए कि यह नया भारत है, जहां जनता काम देखती है, परिवार का नाम नहीं। देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति, झूठे आरोपों और देश को बदनाम करने वाली सोच का लगातार जवाब दे रही है और आगे भी देती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल