भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ब्रह्मपुरी थाने में धरने पर बैठे
जयपुर, 13 जून (हि.स.)। हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य शनिवार को ब्रह्मपुरी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। विधायक ने भाजपा कार्यकर्ता राहुल मीणा उर्फ दीपू मीणा को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर नाराजगी जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार मामला आमेर रोड स्थित गणेश कॉलोनी में एक मकान पर कथित अवैध कब्जे से जुड़ा है। इस संबंध में मकान मालिक की शिकायत पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित राहुल मीणा उर्फ दीपू मीणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि आरोपित ने कथित रूप से मकान के ताले तोड़कर कब्जा किया था और उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास, अपहरण और रंगदारी मांगने सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इधर गिरफ्तारी के बाद विधायक बालमुकुंद आचार्य थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। धरने के दौरान विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता का दौर भी चलता रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला न्यायिक प्रक्रिया के तहत दर्ज किया गया है और जांच निष्पक्ष रूप से जारी है। फिलहाल पुलिस और विधायक के बीच बातचीत जारी है तथा मामले के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश