हनुमान बेनीवाल के बयान पर भाजपा का पलटवार, मदन राठौड़ बोले— अमर्यादित भाषा लोकतंत्र के लिए घातक

 


जयपुर, 28 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सांसद हनुमान बेनीवाल के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कुछ नेता सुर्खियों में बने रहने और टीआरपी बढ़ाने के लिए घटिया व अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक शालीनता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध स्वाभाविक है, लेकिन संवाद में मर्यादा और शालीनता बनाए रखना जरूरी है।

राठौड़ ने कहा कि अपशब्दों का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। यदि राजनेता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेंगे तो जनता का राजनीति से विश्वास उठने लगेगा। उन्होंने मीडिया से भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वाले नेताओं का सामाजिक और वैचारिक बहिष्कार करने की अपील की।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। वहीं राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए भाषा की सभी सीमाएं पार करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि सांसद पद की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी और मिथिलेश गौतम ने भी बयान को निंदनीय बताते हुए राजनीतिक संवाद में संयम और मर्यादा बनाए रखने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश